खंभा और तार टूटकर गिरने से डिहवा युसुफपुर रारा गांव की बत्ती सप्ताहभर से गुल है। इससे भीषण गर्मी और उमस में लोग बेहाल है। सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल की है। बिन बिजली समर्सिबल पंप नहीं चलने से लोगों को पानी की समस्या हो रही है। आरोप है कि कई बार एसडीओ और अवर अभियंता से शिकायत की गई। इसके बाद भी तार-खंभा बदला नहीं जा रहा है। बृहस्पतिवार को लोगों ने अधिशासी अभियंता से शिकायत की है।
करारी उपकेंद्र के मुलानी फीडर से डिहवा युसुफपुर रारा गांव को बिजली आपूर्ति के लिए जोड़ा गया है। सप्ताह भर पहले आंधी-तूफान से मुख्य लाइन का खंभा और तार टूटकर गिर गया है। इससे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली नहीं मिलने से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस में जागकर रात काटनी पड़ रही है। वहीं लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल पंपों के ठप होने से पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं।
गांव के रहने वाले राजू तिवारी, मुन्ना तिवारी, भैयालाल, दिनेश कुमार आदि लोगों का कहना है कि कई बार एसडीओ और जेई को समस्या से अवगत कराया गया। फिर भी खंभा-तार अब तक बदला नहीं जा सका है। गर्मी के मौसम में बिजली, पानी के लिए परेशान लोगों ने बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता से शिकायत की। एक्सईएन ने एसडीओ मंझनपुर को जांच करके खंभा और तार दो दिन के भीतर लगवाए जाने का निर्देश दिया है।