भारतीय किसान यूनियन अंबावता गुट ने महापंचायत में किसानों की समस्याओं को लेकर 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन अंबावता गुट ने बृहस्पतिवार को डायट मैदान में राष्ट्रीय महासचिव की अध्यक्षता में महापंचायत में किसानों की समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बैठक कर 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा।
विज्ञापन
संगठन के महासचिव अशोक मिश्र ने कहा कि चायल क्षेत्र की भारतीय स्टेट बैंक शाखा में ट्रेजरी चालान जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराने, जर्जर हो चुके यूनानी अस्पताल के नए भवन की मांग व बड़ा पिपरहाटा गांव में सरकारी नलकूप की स्थापना की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि नलकूप के लिए दो साल पहले ही भूमि दान कर दी गई है लेकिन विभाग केवल जांच तक सीमित है।
प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार पांडेय ने कहा कि बड़ा पिपरहाटा गांव में कच्चे रास्ते की जगह इंटरलॉकिंग सड़क बनाने, हरदुआ खास, बिदनपुर ककोढ़ा और महमदपुर कछार में जल जीवन मिशन से बनी पानी की टंकियों से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने व गुड़िया तालाब को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराया जाए।
विज्ञापन
इसके अलावा बिदनपुर काकोढ़ा में प्रस्तावित गोशाला के लिए भूमि चिह्नित न होने से आवारा पशुओं से किसान परेशान हैं। महापंचायत में खाद संकट भी बड़ी समस्या बताई गई। किसानों ने बताया कि समितियों पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं है जिससे महंगे दामों पर निजी दुकानों से खाद खरीदने को विवश होना पड़ रहा है।
यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर इन मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी अजय दुबे, प्रदेश महासचिव संजय लाल, जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, पुष्पराज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।