लोधौर गांव में मलबे में दबी गृहस्थी। स्रोत स्वयं
- फोटो : Samvad
लोधऊर निवासी इंद्रेश कुमार मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। उनके मुताबिक, रविवार रात वह पत्नी संगीता देवी और बच्चों के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान मकान की बाहरी दीवार अचानक ढह गई। पत्नी संगीता देवी, तीन वर्षीय बेटा अनमोल और एक माह का बेटा बाल-बाल बच गए। दीवार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दंपती और बच्चों को किसी तरह मलबे से बाहर निकाला। हादसे में घर में रखा अनाज, लकड़ी, कपड़े और बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने घटना की जानकारी हल्का लेखपाल धर्मेंद्र कुमार को दी है। एसडीएम प्रेरणा गौतम ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत सहायता दिलाने के साथ ही आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा।