थाना क्षेत्र के आषाढा गांव से सोमवार रात ग्रामीणों ने एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आषाढा गांव में सोमवार रात चोरी करने के इरादे से एक संदिग्ध व्यक्ति रात को मोटर साइकिल से घूम रहा था। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष हरीश तिवारी ने बताया कि चौकी प्रभारी शुभम सिंह ने गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। जहां पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम अमित कुमार उर्फ छोटू बताया। उन्हाेंने बताया कि आरोपी करारी थाना क्षेत्र के अर्का महावीर का रहने वाला है। जांच में पता चला कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से बीते सप्ताह करारी से चोरी की गई बाइक भी मिली है।
उसने 16 अक्तूबर को जाफरपुर महावां से बाइक चोरी की थी। इसके अलावा भीखमपुर से एक टेंट की दुकान से अपने साथी अखिलेश के साथ मिलकर 50 हजार का सामान चुराया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लिखापढ़ी कर मंगलवार की सुबह न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।