भरवारी (ब्यूूरो)। कस्बे में सोमवार को बिजली विभाग की विजलेंस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान आधा दर्जन लोग घरेलू कनेक्शन का उपयोग दुकानों में करते पाए गए। सभी के खिलाफ दस-दस हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। छापेमारी के दौरान अफसरों की चेयरमैन से तीखी झड़प भी हुई। इस दौरान पूरे कस्बे में हड़कंप मचा रहा।
बता दें कि जिले में चोरी से बिजली जलाने के साथ ही लोग घरेलू कनेक्शन का उपयोग दुकानों में भी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए सोमवार को विजलेंस टीम के प्रभारी संगमलाल मिश्रा ने भरवारी कस्बे में छापेमारी की। इस दौरान उन्होंनें गौरा रोड में घरेलू कनेक्शन लेकर दुकान की बिजली जला रहे विनोद कुमार और रामजी रस्तोगी समेत आधा दर्जन लोगों को पकड़ा।
सभी पर दस-दस हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया है। इस बीच नई बाजार में एक नाश्ते की दुकान पर चेकिंग के दौरान नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता पहुंच गए। कार्रवाई को लेकर उनकी अफसरों से तीखी झड़प हुई। चेयरमैन ने बताया कि विभाग के अधिकारी कनेक्शन बढ़वाने के बजाए लोगों के खिलाफ सीधे कार्रवाई कर रहे थे। यह व्यापारियों का उत्पीड़न करने के दायरे में आता है। ऐसा कत्तई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इसी का विरोध किया गया है। अफसरों ने व्यापारियों और आम लोगों का उत्पीड़न करना बंद नहीं किया तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इधर, छापेमारी को लेकर पूरे कस्बे में हड़कंप मचा रहा।