बाइक चोरी के आरोपी को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ने का आरोप पीड़ित युवक ने पुलिस पर लगाया है। संदीपनघाट कोतवाली के महगांव निवासी बब्लू ने बताया कि 24 सितंबर को वह कोखराज थाना क्षेत्र के परसरा चौराहे पर रुककर एक दुकान में चाय-नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान दुकान में मौजूद एक युवक ने बातचीत करते हुए उससे परिचय बढ़ाया और जब बल्लू नाश्ता करने में व्यस्त हो गया तो उसकी बाइक लेकर भाग गया। खोजबीन के दौरान उसने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बाइक चोरी करने वाले युवक को खोज निकाला। आरोपी को पकड़ कर पीड़ित ने खुद पुलिस के सिपुर्द कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने एक सफेदपोश के दबाव में बिना किसी कार्रवाई के ही आरोपी युवक को कुछ देर चौकी में बैठाने के बाद छोड़ दिया। पीड़ित ने शनिवार को मामले की शिकायत एसपी से की है।