चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली के बम्हरौली स्थित विद्यालय में मारपीट मामले में पुलिस तीन छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। सिंगरौर काॅलोनी की रीना कुमारी पाठक पत्नी विजय नारायण पाठक के मुताबिक उनका बेटा शिवम पाठक बम्हरौली स्थित एक विद्यालय में कक्षा 12 में पढ़ता है। शुक्रवार को विद्यालय में खेलने के दौरान साथी छात्रों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान उसकी ड्रेस भी फाड़ दी। पिटाई से छात्र शिवम को काफी चोटें आईं। घायल छात्र ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी पाकर उसकी मां विद्यालय पहुंची। आरोप है कि सामने भी दबंग छात्रों ने शिवम के चेहरे पर मुक्के से वार किया। घायल छात्र ने मां के साथ थाने जाकर आरोपी छात्रों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरु कर दी है।