मंझनपुर। सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे में शनिवार को महिला का पर्स छीनने के बाद पकड़ा गया विजय शातिर लुटेरों के गैंग का सरगना निकला। उसने पहले अपनी गलत पहचान बताई थी। कड़ाई से की गई पूछताछ में शातिर ने खुद की सही पहचान बताने के साथ ही लूट के जेवर और गैंग के सदस्यों का नाम भी पुलिस को बता दिया है। हालांकि उसने जिले में और कोई वारदात अंजाम देने की बात नहीं कुबूल की है।
पति के साथ मायके जा रही अजुहा कस्बे की मोनी का पर्स छीनकर भाग रहे युवक को कस्बे के ही लोगों ने पकड़ा था। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पकड़े गए युवक ने विजय के रूप में अपनी गलत पहचान बताई थी। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने अपनी सही पहचान ओमप्रकाश पुत्र रामलाल पांडेय निवासी सरई थाना गढ़ जिला मध्य प्रदेश के रूप में बताई है। युवक ने बताया कि वह दूसरे जिलों में अपने गैंग के साथ लूटपाट करता था। उसने हाल ही में कौशाम्बी में हाईवे पर लूटपाट की योजना बनाई थी।
उसके गैंग में फतेहपुर जिले के धाता निवासी गुड्डू पुत्र बद्री प्रसाद, दिलीप पुत्र त्रिभुवन, राममणि पुत्र बालकृष्ण पांडेय और रीवा जिले के बैकुंठपुर निवासी रिंकू पुत्र यमुना प्रसाद भी शामिल हैं। ये सभी लोग हाईवे पर लूटपाट करने की पूरी तैयारी में थे। कानपुर-इलाहाबाद मार्ग पर लुटेरों ने अपने ठिकाने भी चिन्हित कर लिए थे। इससे पहले पर्स छिनैती की घटना के कारण गैंग की योजना का खुलासा हो गया। एसओ ने बताया कि पकड़े गए युवक का चालान कर दिया गया है। गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है।