पुलिस चौकी का घेराव कर धरने पर बैठे विहिप कार्यकर्ता, की नारेबाजी
विहिप संगठन को अधिवक्ता के अपशब्द बोलने पर भड़क उठे कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी पुलिस चौकी में एक मामले का समझौता कराने आए हाईकोर्ट अधिवक्ता ने विहिप संगठन को अपशब्द कह दिया। इससे नाराज सैकड़ों विहिप कार्यकर्ताओं ने चौकी का घेराव करते हुए धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। सीओ सिराथू ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। भरवारी कस्बे के गौरा रोड निवासी रानू साहू का अयाजमऊ निवासी विजय पटेल से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को रानू की तरफ से हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुरेश सिंह व अधिवक्ता गरिमा साहू इस मामले में समझौता कराने भरवारी चौकी आए थे। विजय की ओर से भी विहिप के जिला संयोजक विवेक जायसवाल के साथ चौकी पहुंचे। बातचीत चल ही रही थी कि अचानक हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने विहिप संगठन के लिए कुछ अपशब्द बोल दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में चौकी के भीतर ही विवाद हो गया। विहिप के जिला संयोजक विवेक की सूचना पर पहुंचें सैकड़ों विहिप कार्यकर्ता भरवारी चौकी का घेराव करते हुए धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। मामले की सूचना पर कोखराज थाना पुलिस समेत सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा भी आ गए। दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद सीओ ने अधिवक्ता सुरेश सिंह से विहिप नेता से माफी मंगवाकर मामला शांत कराया। इस मौके पर विहिप के नगर संयोजक अंशु, रूपेश विश्वकर्मा, आशीष, नितिन, भानु, शेखर, रामसरन सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।