सप्ताह भर से फुंका ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों का हाल बेहाल
- मोबाइल समेत बिजली के उपकरण बने शो-पीस, पेयजल के लिए हैंडपंपों के लगाने पड़ रहे चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। ब्लॉक क्षेत्र जवई में सप्ताह भर पहले फुंका ट्रांसफार्मर रविवार तक नहीं बदला गया। बिजली न मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। जवई गांव के 350 घरों को बिजली देने के लिए एक 25 केवीए और एक 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। 63 केवीए का ट्रांसफार्मर नौ सितंबर की रात ओवरलोडिंग के चलते फुंक गया। इसकी वजह से करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित है। गांव के ज्ञानेंद्र सिंह, सूर्य नारायण, रामकृपाल, रोशनलाल, बबलू, दिनेश, राजकुमार, मिथलेश, तुलसी, पप्पू, पुरुषोत्तम ने बताया कि लोगों को मोमबत्ती के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है। मोबाइल समेत घरों में रखे बिजली के उपकरण शोपीस बन गए हैं। सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है। बाल्टी लेकर ग्रामीण हैंडपंप के चक्कर लगा रहे हैं। ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अभियंता ट्रांसफार्मर नहीं बदलवा रहे हैं। विद्युत उपकेंद्र पुरखास के जेई शंकरलाल का कहना है कि ट्रांसफार्मर के जलने की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। अब तक वह बदला क्यों नहीं गया, इस बारे में पता किया जाएगा।