पिपरी कोतवाली क्षेत्र के चलौली गांव में शनिवार दोपहर छात्रों से भरा एक विक्रम (ऑटो) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में चार बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल में भर्ती कराया।
महमूदपुर मनौरी स्थित एक स्कूल की छुट्टी होने के बाद विक्रम चालक शिव प्रसाद 12 बच्चों को विक्रम में बैठाकर घर छोड़ने जा रहा था। चलौली गांव स्थित स्वागत चैरिटेबल मानसिक मंदित विद्यालय के समीप अचानक विक्रम की स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और विक्रम सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में विक्रम को सीधा किया और उसमें फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में रनिहापर निवासी पीयूष, दरियापुर गांव की ऋतु, आयुष और श्रेया को चोटें आईं। सभी को उपचार के लिए सीएचसी चायल में भर्ती कराया गया। पीयूष और ऋतु की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विक्रम में सवार अन्य बच्चों में तिल्हापुर मोड़ निवासी श्रेयांस, रनिहापर निवासी कार्तिक पाल और नैतिक पाल, तथा दरियापुर गांव निवासी शुभम, प्रीति, शिवम, रिक्की और सौरभ शामिल थे।
इस संबंध में सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि चालक के दो बच्चे भी विक्रम में सवार थे। प्रथम दृष्टया स्टेयरिंग फेल होने से हादसा होने की बात सामने आई है। घायल बच्चों का उपचार कराया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
श्रेया सिंह
श्रेया सिंह
श्रेया सिंह
श्रेया सिंह