पिपरी कोतवाली के तिल्हापुर मोड़ बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सरायअकिल-प्रयागराज मार्ग बाधित रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया। घटना के बाद अस्पताल संचालक मौके से भाग निकला है। पुलिस ने अस्पताल संचालक की पत्नी और दो स्टॉफ को हिरासत में लिया है। वहीं नवजात की हालत नाजुक होने पर उसे दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए परिजन ले गए हैं।
तिल्हापुर मोड़ बाजार निवासी बबलू केसरवानी ने अपनी पत्नी मोनी केसरवानी (22) को प्रसव पीड़ा होने पर तिल्हापुर बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। बच्चे को जन्म देने के बाद विवाहिता की हालत गंभीर हो गई तो परिजन सकते में आ गए। रक्तश्राव नहीं रुकने के कारण महिला की हालत बिगड़ती जा रही थी। बृहस्पतिवार भोर में परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज ले ही जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में ही मोनी की मौत हो गई। इधर, अस्पताल में रहे नवजात की भी हालत बिगड़ने लगी। इसे लेकर परिजनों का गुस्सा भड़क उठा।
इस बीच अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने सरायअकिल-प्रयागराज पर चक्काजाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इस कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। घटना की जानकारी पर पिपरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।
पुलिस ने परिजनों से कहा कि वह अगर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं तो सीएमओ से शिकायत करें। स्वास्थ्य विभाग खुद मामले की जांच कराकर अस्पताल के स्टॉफ के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इस पर परिवार के लोग करीब एक घंटा बाद माने और जाम समाप्त कर शव लेकर गांव चले गए। नवजात की हालत नाजुक होने पर उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अस्पताल संचालक की पत्नी और दो दो स्टॉफ को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल संचालक के खिलाफ दर्ज हुआ केस
प्रसूता की मौत के बाद पुलिस ने विवाहिता के पति से तहरीर लेकर अस्पताल संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही संचालक अस्पताल छोड़कर फरार है। मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक की पत्नी व अन्य दो स्टॉफ को हिरासत में ले रखा है।
निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्यामकांत सीओ चायल