यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को हाईस्कूल की पहली पाली में फारसी विषय की परीक्षा हुई। पंजीकृत इकलौते छात्र ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, इसी पाली में इंटर गृह विज्ञान व वाणिज्य की परीक्षा में 43 और इंटर दूसरी पाली की परीक्षा में आठ छात्रों ने सामान्य आधारित विषय (वाणिज्य) व कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा छोड़ी है। परीक्षा के दौरान डीएम ने डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर 10 केंद्रों पर चल रही परीक्षा का हाल जाना।
परीक्षा के दौरान डीएम मधुसूदन हुल्गी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां से उन्होंने परीक्षा केंद्रों का हाल जाना। कंट्रोल रूम से ही देखकर कुछ केंद्रों के बारे में जानकारी ली। डीआईओएस डॉ. एसएन यादव ने बताया कि पहली पाली में हाईस्कूल की फारसी की परीक्षा के लिए इकलौता विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं आया।
इंटर गृह विद्यालय और वाणिज्य की परीक्षा में 18 बालक व 821 बालिकाओं का पंजीकरण था। इसमें 43 बालिकाओं ने परीक्षा छोड़ी है। दूसरी पाली में इंटर की सामान्य आधारित विषय की परीक्षा में दो बालक व छह बालिकाओं ने परीक्षा छोड़ी है। डीएम ने कंट्रोल रूप से निगरानी की व्यवस्था देखकर संतुष्टि जाहिर की। इस मौके पर प्रधानाचार्य जीआईसी कसिया नीरज केसरी, परीक्षा प्रभारी आनंद सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।