डीएम अखंड प्रताप सिंह ने सोमवार को बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों/पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने पर जोर दिया। हिदायत देते हुए कहा कि जिस केंद्र पर नकल पकड़ी गई, वहां के केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2017 नकल विहीन व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। केंद्र व्यवस्थापकों को सचेत करते हुए डीएम ने कहा कि किसी भी कीमत पर नकल नहीं होनी चाहिए। जिस विद्यालय में नकल मिली उसे ब्लैक लिस्टेड करते हुए केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी।
संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे। परीक्षा पर नजर रखने के लिए तीनों एसडीएम भी मोबाइल रहेंगे। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, प्रकाश, पानी व छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय होना चाहिए। बैठक में मौजूद पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने कहा कि केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। परीक्षा संचालन में व्यवधान डालने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस सख्ती से पेश आएगी। डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को 11 मार्च तक मुख्यालय न छोड़ने की भी हिदायत दी है। बैठक में एसडीएम मंझनपुर लालजी मिश्र, बीएसए डीएस यादव सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
खोला गया कंट्रोल रूम
बोर्ड परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। कंट्रोल रूम जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में खोला गया है। इसका मोबाइल नंबर 7991888962, 9415716522 व 9838212210 है। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना उक्त नंबर पर परीक्षा के दौरान दी जा सकेगी।