UP Board: 5 December is deadline for submittion online details and data of resources
मंझनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2021 में होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रारंभ कर दी है। पहले चरण में विद्यालयों से मौजूद संसाधनों की जानकारी मांगी गई है। ऑनलाइन डाटा अपलोड करने के लिए पांच दिसंबर तक मौका दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि जांच के दौरान भिन्नता पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को दोषी मानते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रक्रिया में बदलाव कर दिया है। इसके तहत हर विद्यालय को अपने यहां के संसाधनों का ब्योरा ऑनलाइन अपलोड करने का प्रावधान बनाया गया है। डाटा में स्कूल की मान्यता का वर्ष, कक्षा व कक्षों की संख्या, साइज, लैब, फर्नीचर, खिड़की, दरवाजों की स्थिति, बाउंड्री, छात्र-छात्राओं के अलग-अलग शौचालयों की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रांग रूम बनाने के लिए लोहे के दरवाजे वाला कक्ष, लोहे की डबल लॉक वाली आलमारी, पक्का पहुंच मार्ग शामिल हैं। सभी मानक पूरे करने वाले विद्यालयों को ही ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाने का प्रावधान है। डीआईओएस एसके सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से विद्यालयों में मौजूद संसाधनों का डाटा ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। बोर्ड ने इसके लिए पांच दिसंबर तक का समय निर्धारित किया है।
अगले दिन छह दिसंबर को विद्यालयों के जिम्मेदार ऑनलाइन फीड किए गए डाटा का प्रिंट आउट डीआईओएस कार्यालय में जमा करेंगे। इसके बाद प्रशासन की ओर से क्रास चेकिंग की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपलोड किए गए संसाधन और मौके की स्थिति में भिन्नता मिलने पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर दी जाएगी।