जिले में रोड शो करने आईं राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सूबे की सरकार को गुंडाराज और भ्रष्टाचार का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार के कार्यकाल में जनता कराह रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें जगह-जगह रोककर स्वागत किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल शनिवार को जिले में रहीं। जिले के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत सल्लाहपुर में जीटी रोड पर किया। इसके बाद कृष्णा मंदिर, काजीपुर जीटी रोड, तेरहमील चौराहा, बहादुर चंदई, तारा चौराहा, चरवा, बबुरा मोड़, नोहरी का पूरा, गुंगवा की बाग चक बादशाहपुर, चौराडीह, चायल, तिल्हापुर मोड़, नेवादा, हसनपुर, म्योहर समेत कई गांवों में रोड शो किया। रोड शो के बाद ओसा स्थित कांशीराम आवास में उन्होंने पत्रकारों के साथ वार्ता की।
इस दौरान उन्होंने सूबे की सरकार के नेतृत्व को खूब खरी खोटी कही। उन्होंने कहा कि सूबे की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। प्रदेश की आवाम दर्द से कराह रही है। रोड शो में राज्यमंत्री के साथ सांसद विनोद सोनकर, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी दिनेश शुक्ल, जिलाध्यक्ष भागीरथी पटेल, वेद प्रकाश शुक्ल समेत तमाम पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।