पश्चिमशरीरा क्षेत्र के टिकरी गांव के समीप रविवार सुबह शातिर ने एक खोवा व्यापारी को लूटने की कोशिश की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची यूपी-100 पुलिस के दरोगा से भी वह भिड़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ ने तहरीर के आधार पर एफआईआर लिखकर कार्रवाई करने की बात कही है।
बताया जाता है कि पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के पलरा गांव का हंसराज खोवा व्यापारी है। रविवार सुबह वह करीब 40 किलो खोवा लेकर पश्चिमशरीरा बाजार बेचने जा रहा था। उसने बताया कि टिकरी गांव के समीप वहीं के एक शातिर युवक ने उसे रोक लिया और कनपटी पर तमंचा सटाकर लूटपाट की कोशिश करने लगा। इसी बीच यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी उदय नारायण तिवारी की मानें तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता की। वह हाथापाई पर उतर आया। यह देख साथी सिपाहियों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसे पश्चिमशरीरा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले में पश्चिमशरीरा एसओ संजय गुप्ता का कहना है कि फिलहाल किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर एफआईआर लिखकर कार्रवाई की जाएगी।