भरवारी। कोखराज के भटपुरवा गांव में मंगलवार सुबह एक अधेड़ की अबूझ हालत में मौत हो गई। सोमवार शाम वह पड़ोसी गांव में दावत में शामिल होने गया था। सुबह घर लौटने पर वह अचानक बेहोश हो गया था। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी सांस थम गई। चर्चा है कि अधेड़ की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। हालांकि परिजनों के साथ पुलिस मृतक को दमा रोगी बता रही है।
भटपुरवा गांव का रामसूरत सेन (50) पुत्र राम सजीवन सोमवार को पड़ोसी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बताया जाता है कि सुबह लौटने पर उसकी अचानक तबियत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अधेड़ की सांस थम गई। मामले में पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरूद्घ पंकज का कहना है कि ऐसा लगता है कि अधेड़ की मौत बीमारी हुई है। फिर भी विसरा प्रिजर्व कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।