बढ़नपुर स्थित श्रीकृष्णा इंटरप्राइजेज का नमूना लेते अधिकारी। स्रोत- प्रशासन
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को कादीपुर के एक फर्म में छापामारा। इस दौरान बिना लाइसेंस संचालित फर्म से 19,102 किलो भुना चना सीज किया गया। वहीं चार ब्रांड के चने की नमकीन का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य ममता चौधरी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने बढ़ापुर, कादीपुर और इचौली क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। बढ़ापुर स्थित श्री कृष्णा इंटरप्राइजेज से बिना वैध लाइसेंस के चल रहा था। फर्म में विभिन्न ब्रांडों का बड़ी मात्रा में भुना चना और फूटा चना मिला। टीम ने मौके से कस्तूरी ब्रांड भुना चना और फूटा चने के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मौके पर भंडारित कुल 19,102 किलोग्राम भुना चना को सीज कर दिया गया। सीज किए गए स्टॉक को अग्रिम आदेश तक विक्रेता की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण और बिक्री गंभीर अपराध है। लोगों की सेहत से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा।