बारा हवेली खालसा गांव के पास सोमवार की सुबह कोचिंग जा रहे बाइक सवार छात्र को बेकाबू ट्रैक्टर ट्राॅली ने कुचल दिया। हादसे में युवक की ही मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।
बाराहवेली खालसा गांव के रामप्रताप पटेल का 18 वर्षीय बेटा जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू मानसिंह इंटर काॅलेज अलीपुरजीता में कक्षा 11 का छात्र था। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे जितेंद्र बाइक से कोचिंग के लिए घर से निकला।
गांव से जैसी ही कुछ दूरी पर पहुंचा आगे जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जितेंद्र बाइक से गिरकर ट्रैक्टर के पहिया के नीचे आ गया। हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को खबर दी।
गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में कुछ देर चले इलाज के दौरान ही छात्र की सांसें थम गईं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है। उधर, पुलिस ने ट्रैक्टर- ट्राॅली को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।