एयरपोर्ट कोतवाली के एयरफोर्स गेट समीप बृहस्पतिवार दोपहर बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे एसआरएन में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज के नैनी कोतवाली अंतर्गत डांडी निवासी साहिल पाल (18) पुत्र चंद्रशेखर पाल बृहस्पतिवार सुबह बाइक से अपने साथी सौरभ पाल और गोलू के साथ पूरामुफ्ती के सल्लाहपुर परीक्षा दिलाने आया था। सौरभ को परीक्षा केंद्र छोड़कर साहिल और गोलू एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एयरफोर्स गेट के समीप बेकाबू ट्रैक्टर ने कुचल दिया।
हादसे में बाइक चला रहे साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान मौका पाकर ट्रैक्टर छोड़ कर चालक भाग निकला। सूचना पाकर आई पुलिस ने घायल को एसआरएन अस्पताल भेजकर मौके की औपचारिकताएं परी कीं। सूचना पाकर साहिल के परिजन रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।