सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार के समीप मंगलवार शाम साइकिल सवार व घर के बाहर बैठे दो लोगों को कुचलने के बाद अनियंत्रित हुआ कंटेनर नेशनल हाईवे पर पलट गया। हादसे में केन गांव निवासी धर्मपाल (50), हरिश्चंद्र (40) व अज्ञात साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
कंटेनर चालक व साथी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने जब शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तो आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। वे अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। दुर्घटना के तकरीबन डेढ़ घंटे बाद पहुंचे एसडीएम ने मुआवजे का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के केन गांव निवासी धर्मपाल (50) पुत्र जियालाल व हश्चिंद्र (40) पुत्र शिव दयाल ने फतेहपुर व कौशाम्बी जिले के बार्डर पर स्थित कनवार में हाईवे किनारे घर बनवा रखा है। फतेहपुर के अमांव के पास से एनएच-2 का निर्माण होने के कारण एनएचआई ने वहां सड़क को वन-वे कर रखा है।
कनवार के पास बने कट से ही वाहन दोनों लेन पर जाते हैं। मंगलवार शाम करीब चार बजे धर्मपाल के घर के बाहर हरिश्चंद्र चारपाई पर बैठा था। हरिश्चंद्र व धर्मपाल आपस में बात कर रहे थे, तभी फतेहपुर की तरफ से एक बेकाबू टैंकर सामने चल रहे साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद धर्मपाल व हरिश्चंद्र को कुचलते हुए अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीनों लोगों की मौत हो गई। उधर दुर्घटना के बाद टैंकर चालक व खलासी गाड़ी छोड़कर भाग निकले।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची अजुहा चौकी पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। स्थानीय लोग अफसरों को मौके पर बुलाने की जिद कर रहे थे। जाम की सूचना पर सीओ सिराथू रामवीर सिंह व इंस्पेक्टर सैनी प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। भीड़ एसडीएम को मौके पर बुलाने की जिद कर रही थी।
करीब साढ़े पांच बजे पहुंचे एसडीएम सिराथू राजेश कुमार श्रीवास्तव ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसडीएम ने कहा कि अगर मृतकों के पास कृषि योग्य जमीन होगी तो एक सप्ताह के अंदर उन्हें किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये दिलाए जाएंगे। उधर हादसे का शिकार हुए साइकिल सवार की पहचान नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि वह फतेहपुर की तरफ से आ रहा था। टैंकर ने पीछे से उसे टक्कर मारने के बाद धर्मपाल व हरिश्चंद्र को कुचल दिया था।
Uncontrolled container crushed three, including cyclist, died in Kaushambi- फोटो : KAUSHAMBI