Uncontrollable Scorpio trashes the innocent in Kaushambi, dies
- फोटो : KAUSHAMBI
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के कैलाशपुर गांव में गुरुवार सुबह टॉफी लेने दुकान जा रहे एक मासूम को बेकाबू स्कार्पियो ने रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
करारी इलाके के अर्कामहावीर गांव का शिवाकांत त्रिपाठी पुत्र घनश्याम किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि उसका ननिहाल कैलाशपुर में है।
गुरुवार सुबह शिवाकांत का छह वर्षीय बेटा पीयूष अपने दादा के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कैलाशपुर गया था। कैलाशपुर में वह टॉफी लेने के लिए दुकान पर जा रहा था।
तभी सरायअकिल रोड पर महिला गांव की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मासूम गिर पड़ा। इस दौरान स्कार्पियो बच्चे को रौंदते हुए गुजर गई। जिससे मौके पर ही बच्चे की सांसें थम गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं दुर्घटना के बाद स्कार्पियो सवार वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।