सैनी के संभुई गांव के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने दौड़ाकर अटसरांय गांव के समीप चालक को स्कार्पियो समेत पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर मौके की औपचारिकताएं पूरी कीं।
शंभुई निवासी दयाराम की 50 वर्षीय पत्नी मंजू देवी सोमवार दोपहर 12 बजे सड़क पार कर कूड़ा फेंकने जा रही थीं। बेटे रवि शंकर ने बताया कि सड़क पार करने के दौरान सामने से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मां मंजू देवी को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से जख्मी मंजू को इलाज के लिए नजदीकी निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। उधर, दुर्घटना के बाद भाग रही स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए ग्रामीणों ने अटसरांय चौराहा के पास रोका और चालक को पकड़ लिया।
सूचना के बाद आई पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया और हादसे के आरोपी चालक को साथ ले गई। मृतका के बेटे रवि शंकर की तहरीर पर स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के लोगों की रो-रोकर हालत खराब है।
बाइकों की भिड़ंत में युवक गंभीर
कनैली। कौशाम्बी कोतवाली के बैगवां चौराहे पर बाइकों की भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। करारी कोतवाली के शुक्लन का पूरा निवासी 28 वर्षीय सोनू तिवारी मेड़रहा में ब्याही बहन के घर वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। सोमवार दोपहर वह किसी काम से बैगवां चौराहा गया था। इसी दौरान सामने से आए एक अन्य बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी सोनू को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरा बाइक सवार दुर्घटना के बाद भाग निकला। सोनू की हालत मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने गंभीर बताई है। संवाद