सरायअकिल। कोतवाली इलाके के तरना गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर चाचा ने अपने बेटे और रिश्तेदार के साथ लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमलाकर भतीजे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को गांव से बाहर गिरफ्तार कर लिया गया।
तरना गांव निवासी लालमन ने बताया कि वह चार भाई हैं। चारों भाइयों के बीच बंटवारा भी हो चुका है। बंटवारे के तहत सभी को सड़क पर छह-छह बिस्वा जमीन मिली है। जमीन कीमती है। अपने हिस्से की जमीन में लालमन निर्माण करा रहा था। इसका विरोध उसका भाई दूधनाथ करता था। काफी दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे काम बंद होने के बाद उसका (लालमन) बड़ा बेटा मस्ताना (35) गांव वाले घर लौट रहा था। रास्ते में चाचा दूधनाथ ने अपने बेटे छेद्दू और कोखराज के सिहोरी निवासी रिश्तेदार ज्ञानचंद्र के साथ मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हुए हमले में मस्ताना के सिर पर गंभीर चोट आई। चीखपुकार सुन परिजन और पड़ोसियों को आता देख हमलावर भाग निकले।
मस्ताना को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालमन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच कर साक्ष्य संकलित किए गए । बताया कि देर शाम तीनों आरोपियों को गांव से बाहर गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद कर लिया गया।
पुलिस बाेली, शराब के नशे में हुई मारपीट
इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह का कहना है कि शराब के नशे में दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। जिसमें मस्ताना को गंभीर चोट आई थी। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। आरोपी घर छोड़कर भागे हुए हैं। उनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
दो साल से था विवाद, पुलिस नहीं थी संजीदा
सरायअकिल। भूमि विवाद में जान गंवाने वाले मस्ताना की पत्नी गेंदली देवी ने बताया कि दो साल पहले भी इसी जमीन के विवाद में आरोपियों ने उसके पति को लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया था। आरोप है कि थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने लेनदेन कर आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर मामला रफादफा कर दिया था। यदि पुलिस उसी समय प्रकरण में संजीदगी दिखाई होती तो शायद आज उसके पति की जान बच जाती।
-
करोड़ों रुपये की है विवादित भूमि
सरायअकिल। मृत मस्ताना के पिता लालमन ने बताया कि पैतृक बंटवारे में सड़क पर चारों भाइयों को हिस्से में बराबर-बराबर जमीन मिली है।सभी भाइयों के जमीन की कीमत करीब एक करोड़ से अधिक है। उसकी जमीन कार्नर पर है, जबकि आरोपी भाई दूधनाथ की बीच में। कार्नर की जमीन होने के चलते उसकी कीमत ज्यादा थी। इसी को लेकर विवाद हो रहा था। दूधनाथ उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा करना चाहता था।
घटना स्थल के समीप मिली शराब की शीशी
सरायअकिल। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल के समीप शराब की दो खाली शीशी, आधी बाल्टी पानी, लोटा और तीन गिलास मिले हैं। इससे लग रहा है कि घटना शराब के नशे में अंजाम दी गई है। अब यह शराब किसने पी, यह पता लगाया जा रहा है।