मौसम में बदलाव के चलते इन दिनों बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, पश्चिमशरीरा में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 50 से अधिक मरीज आ रहे हैं जिनमें 15 से अधिक मरीज टाइफाइड, शरीर दर्द और कमजोरी से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में दूषित पानी और खानपान की गड़बड़ी से टाइफाइड के मामले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है।
इलाज के आए मरीजों रामरूप, दिनेश, सीमा देवी और अन्नू देवी को उन्होंने सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि लगातार बुखार आए या शरीर का तापमान बढ़ रहा तो तुरंत जांच कराएं। पानी को कम से कम 15 मिनट उबालकर पीएं, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और तली चीजों से परहेज करें।