विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है ठग ने दोनों युवकों को विदेश भेजकर उनका पासपोर्ट छीन लिया और उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया। चार दिन तक उन्हें खाना-पानी तक नहीं दिया गया। किसी तरह युवकों ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पइंसा पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के मकनपुर गोंडा निवासी कल्लू प्रसाद एवं गंगा प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही अतहर अली ने उनके बेटों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी को कुल 1.56 लाख रुपये दिए थे। बीते अक्तूबर माह में आरोपी ने दोनों युवकों के अलावा फूलचंद और धर्मेंद्र कुमार को विदेश भेज दिया।
विदेश पहुंचते ही आरोपी के साथियों ने दोनों से पासपोर्ट छीन लिए और उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोप ये भी है कि चार दिनों तक न तो उन्हें खाना दिया गया और न ही पानी। किसी तरह मौका पाकर दोनों ने अपने पिता को फोन कर स्थिति बताई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पइंसा पुलिस को लिखित तहरीर दी है।