मंझनपुर/सिराथू/टेढ़ीमोड़। जिले में सड़क हादसों में दो युवकाे की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए। इससे पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत दयनीय हो गई। चरवा कोतवाली क्षेत्र के दनियालपुर गांव का अमित (23) पुत्र धर्मेन्द्र अप्पे चालक था। मंगलवार सुबह वह अप्पे लेकर मनौरी बस स्टॉप जा रहा था। चिल्लाशहबाजी गांव के समीप अचानक सामने कोई मवेशी आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक अमित नियंत्रण खो बैठा और अप्पे अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अमित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं केशउवापुर गांव का खन्नालाल (43) पुत्र लल्लू मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार शाम वह सब्जी लेने स्थानीय बाजार गया था। लौटते वक्त गांव के समीप पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे मजदूर नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रक उसे कुचलते हुए गुजर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन घायल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में उसकी सांस थम गई। हादसे से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। वहीं पूरबशरीरा गांव स्थित झारखंडी देवी मंदिर के समीप मंगलवार शाम एक ट्रैक्टर में पीछे से आए डंपर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक रामप्रकाश निवासी पूरबशरीरा, संतू का डेरा निवासी पल्लेदार सूरजभान व सोनू घायल हो गए। सभी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी ओर सैनी इलाके के कमासिन गांव के समीप भी मवेशी को बचाने के चक्कर में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सुनील कुमार घायल हो गया।