सऊदीअरब में जले गुलाम वारिस के चिंतित परिजन।
- फोटो : amar ujala
सऊदीअरब के दक्षिण प्रांत नजरान में हुए आग हादसे में कौशाम्बी के भी दो युवक झुलस गए हैं। इनमें गुलाम वारिस की हालत गंभीर है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वे सन्न रह गए। बेटे की सलामती के लिए घर में दुआएं मांगी जा रही हैं। सऊदीअरब में दो दिन पहले हुए इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के जेहिदपुर निवासी मो. सादिक (22) पुत्र मो. उस्मान सऊदीअरब के दक्षिण प्रांत नजरान के फैसलिया जिले में इलेक्ट्रिक का काम करता है। उसके साथ गांव का ही गुलाम वारिस (20) वेल्डिंग का काम करता है। दोनों साथ ही आते-जाते हैं। बुधवार रात जिस भवन में यह दोनों रहते थे वहां आग लग गई।
खिड़की न होने की वजह से सभी कमरों में धुआं भर गया था। भयावह आग की चपेट में आने से 11 लोगों की मौत हो गई जबकि मो. सादिक और गुलाम वारिस समेत छह लोग झुलस गए। सादिक व गुलाम वारिस को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुलाम वारिस की हालत नाजुक है। करीब 40 फीसदी जलने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकरी मो. सादिक ने ही परिजनों को दी। इसका पता चलते ही दोनों के घरों में सन्नाटा पसर गया। परिवार के लोग चिंता में डूब गए। गुलाम वारिस का हाल जानने के लिए लोग लगातार मोबाइल से संपर्क में हैं। वीडियो कालिंग के जरिए मो. सादिक ने आईसीयू वार्ड का लाइव दिखाया तो वारिस के पिता मो. अयूब का कलेजा चाक हो गया। वारिस के भाई भी परेशान हो गए। परिवार के लोगों ने बेटे की फिक्र में खाना-पीना छोड़ रखा है।