जिले में बृहस्पतिवार की शाम बिजली कहर बनकर टूटी। अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी झुलस गई। वहीं कोखराज क्षेत्र में दो बकरियों की माैत हो गई।
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के देवरा गांव में शाहजहां बेगम (45) खेत में करेला तोड़ रही थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। वहीं पास बैठी शशि (16) गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे मूरतगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी तरह कोखराज क्षेत्र के अंदावां गांव में बकरियां चरा रही लीला देवी सोनकर (48) पर बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो बकरियों की भी माैत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बारिश के बीच बिजली गिरने से अधेड़ झुलसा
तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने से एक अधेड़ झुलस गया। ग्रामीणों की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचाने पर उसकी जान बच गई। बता दें कि चरवा थाना क्षेत्र के काजू गांव निवासी किरण सिंह (45) मूरतगंज मार्ग पर मवेशी चरा रहा था। अचानक बारिश और तेज बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह झुलस गया। ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।