मंझनपुर। मामूली बातों को लेकर हुई कहासुनी के दौरान मंझनपुर के कोड़र और हजरतगंज मोहल्ले में शनिवार की सुबह मारपीट हो गई। लाठी-डंडे के इन हमलों में महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। चीख-पुकार पर गांववालों ने बीच बचाव करके झगड़ा शांत कराया। घरवालों ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। भुक्तभोगियों की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के कोड़र गांव में शनिवार की सुबह मामूली बात को लेकर राम बहोरी का पड़ोसी से झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान पड़ोसी ने अपने घर के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडे से पीटकर राम बहोरी (65) पुत्र बुद्धू, करन सिंह (28) पुत्र दलाल, राम लखन (32) पुत्र बुद्धू को लहुलूहान कर दिया। चीख-पुकार पर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों ने बीच बचाव करके झगड़ा शांत कराया। इसी तरह शनिवार की सुबह मंझनपुर कस्बे के हजरतगंज मोहल्ले में नाली विवाद को लेकर विन्देश्वरी का अपने पड़ोसी से झगड़ा हो गया।
कहासुनी के दौरान पड़ोसी और उसके कुनबे के अन्य सदस्यों ने मिलकर विन्देश्वरी प्रसाद (35) पुत्र छोटू, लालती देवी (30) पत्नी विन्देश्वरी, शिव कुमारी (40) पत्नी रामचरन को पीटकर लहूलुहान कर दिया। मारपीट होती देख मोहल्ले के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के लोगों को आता देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलोें को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही भुक्तभोगी की तहरीर पर मोहल्ले के ही चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट की घटनाओं को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि घटना की तफ्तीश और हमलावरों की तलाश की जा रही है।