सिराथू
(कौशाम्बी)। कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर शनिवार की सुबह कमासिन (सैनी) गांव
के समीप हुए सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। हाईवे के किनारे
खड़े पंक्चर ट्रक में पीछे से आकर एक अन्य ट्रक टकरा गया। मृतकों में एक
ट्रक चालक सरायअकिल इलाके का रहने वाला है जबकि दूसरे की शिनाख्त नहीं हो
सकी है।
कौशाम्बी जनपद के सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के चित्ता
हर्रायपुर गांव निवासी रमाशंकर के पास ट्रक है। अपना ट्रक वह खुद ही चलाता
भी था।
शनिवार भोर वह ट्रक लेकर इलाहाबाद से खागा (फतेहपुर) जा रहा था।
लगभग 4 बजे जैसे ही उसका ट्रक सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमासिन गांव के समीप
पहुंचा। पिछला टायर पंक्चर हो गया। वह ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर नीचे उतरा
और टायर चेक करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तभी इलाहाबाद की ओर
से आए एक अन्य ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे जहां कुचलकर पहले
ट्रक के चालक रमाशंकर (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं जोरदार टक्कर
से दूसरे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस ट्रक की
स्टेयरिंग चालक के पेट में धंस गई।
क्षतिग्रस्त ट्रक में जख्मी चालक फंस
गया। दुर्घटना देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे की खबर लगते ही इलाकाई
पुलिस भी पहुंची। मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक से
जख्मी चालक को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मगर इलाज के
दौरान दूसरे ट्रक चालक की भी मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर,
हादसे में चालक रमांशकर की मौत की सूचना जैसे ही उसके गांव चित्ता
हर्रायपुर पहुंची परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों
के आने के बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।