Two students die in road accidents
- फोटो : KAUSHAMBI
सड़क दुर्घटनाओं में दो छात्रों की मौत
सरायअकिल और सैनी कोतवाली क्षेत्रों में हुई घटनाएं, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
चायल/अजुहा। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के तरना गांव में सोमवार रात सड़क किनारे खड़े एक छात्र को बेकाबू डंपर ने रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं सैनी के कनवार गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। हादसे से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के चकसदारगंज गांव का राजेश मौर्य (19) पुत्र धनराज बीए का छात्र था। सोमवार को वह तरना निवासी दोस्त शैलेंद्र के साथ किसी काम से प्रयागराज गया था। रात को लौटते वक्त तरना गांव में ही सड़क किनारे खड़ा था। इसी बीच बेकाबू डंपर उसे रौंदते हुए गुजर गया। इससे मौके पर ही राजेश की मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। हादसे से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
इसी तरह फतेहपुर जिले के खखरेरु थाना क्षेत्र के जयराम का पूरा गांव का आदित्य सिंह (18) पुत्र तेजबली इंटरमीडिएट का छात्र था। मंगलवार सुबह त्योहार के मौके पर वह अपने साथी लवलेश के साथ स्नान करने कड़ा धाम जा रहा था। कनवार गांव के समीप कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार गिर गए। इस दौरान ट्रक आदित्य को रौंदते हुए चला गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घायल लवलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आदित्य का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है।