मंझनपुर। परिषदीय स्कूलों के शैक्षिक स्तर की जांच के लिए गठित ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की सच्चाई सामने आ गई है। पोर्टल से हुई समीक्षा में 215 के सापेक्ष 178 विद्यालयों के ही निरीक्षण किए गए हैं। सबसे खराब स्थिति चायल और कड़ा ब्लॉक की रही। इन दोनों ब्लॉकों में क्रमश: 34 और 40 फीसदी निरीक्षण हुए। वहीं एसडीएम सिराथू और चायल ने एक भी स्कूलों का निरीक्षण नहीं किया।
परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के साथ बच्चों की शैक्षिक क्षमता, स्कूल में मौजूद सुविधा का सत्यापन नियमित रूप से हो सके, इसके लिए प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन निरीक्षण कराया जाता है। निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स में सीएमओ, डीडीओ, परियोजना निदेशक, डीपीआरओ, डीआईओएस, डीपीओ, एसीएमओ, डीएसओ व जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रति माह पांच स्कूलों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी मिली है।
इसी तरह ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स में एसडीएम, नायब तहसीलदार, पूर्ति निरीक्षक, बीडीओ, सीएचसी अधीक्षक, एडीओ पंचायत, सीडीपीओ व एसडीएम की ओर नामित अधिकारी को प्रति माह पांच स्कूलाें का निरीक्षण करना होता है। इसके अतिरिक्त बीईओ को कम से कम 40 स्कूल की जांच करनी होती है। इस तरह से ब्लॉक स्तरीय टीमों को महीने भर में 215 विद्यालयों के निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन अक्तूबर माह में ब्लॉक स्तरीय टॉस्क फोर्स में 178 स्कूलों के ही निरीक्षण किए, जो लक्ष्य के सापेक्ष 82 फीसदी है।
चायल ब्लॉक में सबसे कम 34 फीसदी व कड़ा में 40 प्रतिशत विद्यालयों के निरीक्षण किए गए। बड़ी बात ये है कि एसडीएम सिराथू और चायल ने एक भी स्कूलों का निरीक्षण नहीं किया। चायल और मंझनपुर के अलावा किसी भी नायब तहसीलदार ने कोई निरीक्षण नहीं किया। इसी तरह पूर्ति निरीक्षकों ने भी 30 के सापेक्ष 11 विद्यालय ही देखा।
किसने कितने विद्यालयों का किया निरीक्षण
अधिकारी लक्ष्य निरीक्षण प्रतिशत
-
एसडीएम 15 05 33.00
बीडीओ 40 39 97.50
एमओईसी 40 34 85.00
एडीओ पंचायत 40 20 50.00
नायब तहसीलदार 15 05 33.00
सीडीपीओ 35 39 111.00
पूर्ति निरीक्षक 30 11 36.00
-
कुल 215 178 82.79
-
वर्जन
परिषदीय स्कूल का नियमित निरीक्षण कर सुधार की व्यवस्था बनाई गई है। अक्तूबर माह में कम निरीक्षण करने वाले अफसरों के विभागाध्यक्ष को पत्राचार किया गया है। सभी को लक्ष्य के अनुसार निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।-कमलेंद्र कुमार कुशवाहा-बीएसए