सैनी कोतवाली और पइंसा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया गया था।
मंझनपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर-11 रामपुर बसरावा निवासी लालचंद पटेल (45) पुत्र रामनाथ खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी सुनीता ने बताया कि बुधवार शाम लालचंद बाइक से सैनी बाजार से घर लौट रहे थे। हाईवे पर केसरिया गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय निवासी रामप्रकाश ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद घायल को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां बृहस्पतिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। मृतक के पिता रामनाथ की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, दूसरी घटना में पइंसा थाना क्षेत्र के कैंमा गांव निवासी शिवराम (60) साइकिल से सिराथू जा रहे थे। बुधवार को रामपुर धमावां गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया था। वहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।