कोखराज में जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, सात घायल
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बड़ेगांव का मामला, क्रॉस केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मूरतगंज। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बड़ेगांव में रविवार सुबह जमीन के विवाद के चलते दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। इससे सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। साथ ही दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि बड़ेगांव निवासी राकेश यादव व फूलचंद्र के बीच एक जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा है। आए दिन कहासुनी होती रहती है। रविवार सुबह भी विवादित जमीन पर लगा बबूल का पेड़ काटने को लेकर बहस होने लगी। तभी दोनों के परिजन लाठी-डंडे से लैश होकर मौके पर आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में फूलचंद्र, उसकी पत्नी ऊषा, बहू पुष्पा, बेटे कमलेश, रमेश व उमेश आदि को चोटें आई हैं। वहीं दूसरी तरफ से राकेश घायल हो गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में कोखराज कोतवाल राकेश तिवारी का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।