नगर कोतवाली के गौसपुर टिकरी गांव में शनिवार रात दीवार फांदकर एक मीडियाकर्मी के घर में घुसे चोर नकदी-गहने समेत तकरीबन दो लाख रुपये कीमत का सामान समेट ले गए। दीवार फांदते समय चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फुटेज लेने के बाद घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
गौसपुर टिकरी निवासी मुन्ना एक स्थानीय हिन्दी दैनिक अखबार के प्रतिनिधि हैं। बताया कि रोजाना की तरह शनिवार रात भी वह परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। आधी रात को दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे युवक ने बैग में रखे 50 हजार रुपये के साथ एक सोने की जंजीर, दो अंगूठी व चांदी के गहने पार कर दिए। दीवार फांदकर बाहर निकलते समय चोर पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
सुबह नींद खुलने पर घर का बिखरा सामान देख पीड़ित परिवार के लोग चौंक गए। थोड़ी ही देर में उन्हें माजरा समझ में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज लेकर चोर की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन की जा रही है।
चिकित्साधिकारी के सरकारी आवास में चोरी का प्रयास
स्थानीय कस्बा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेंद्र मणि त्रिपाठी का सरकारी आवास है। हालांकि, काफी जर्जर व बदहाल होने के कारण वह इसकी जगह कस्बे में ही किराए का कमरा लेकर रहते हैं। चिकित्साधिकारी ने बताया कि सरकारी आवास में अस्पताल का कुछ सामान रखा है। शनिवार रात चोरों ने उसी सामान की फिराक में सरकारी आवास का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। रविवार सुबह जानकारी होने पर चिकित्साधिकारी ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है।