परिजनों की फटकार पर दो छात्राओं ने लगाई आग, एक की मौत
करारी व पश्चिमशरीरा कोतवाली इलाके में सोमवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर/म्योहर। करारी व पश्चिमशरीरा कोतवाली इलाके की दो छात्राओं ने सोमवार रात केरोसिन छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया। नजदीक के निजी अस्पताल में इनमें से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरी को प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। दोनों को प्रेम प्रपंच की जानकारी पर परिजनों ने फटकारा था। इसी के बाद इन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।
करारी कोतवाली इलाके की एक लड़की इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बताया जाता है कि पड़ोस के गांव में रहने वाले एक युवक से उसका प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगाना शुरू कर दिया। सोमवार रात परिवार वालों ने छात्रा को फटकार भी लगा दी। इसी के बाद छात्रा ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया। चीखें सुन मौके पर पहुंचे परिजनों ने आननफानन में आग बुझाने के बाद छात्रा को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी सांसें थम गईं। इससे परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब हो गई। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर पश्चिमशरीरा इलाके की एक किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। प्रेम प्रपंच की जानकारी होने पर रात को परिजनों ने उसे भी फटकारा था। इसके बाद उसने खुद को आग के हवाले कर लिया। वह प्रयागराज के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती है। फिलहाल स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।