नगर कोतवाली पुलिस ने रिटायर दरोगा के घर से पखवाड़े भर पहले हुई बंदूक चोरी का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर चोरी गई बंदूक के साथ ही गहने भी बरामद कर लिए हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। लिखापढ़ी कर आरोपियों का चालान न्यायालय कर दिया है।
खोजवापुर निवासी श्याम सुंदर रिटायर दरोगा हैं। 23 जून की रात चोरों ने दीवार फांदकर उनके घर से लाइसेंसी बंदूक सहित तकरीबन दो लाख रुपये के गहने पार कर दिया थे। अगले दिन दरोगा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस घटना की जांच में लग गई। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने टीमें गठित कर तत्काल बरामदगी का निर्देश दिया। कोतवाल संतोष शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह खबर मिली कि आरोपी सैबसा गांव के पास बैठकर चोरी किए हुए गहनों का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी सरवन उर्फ समइया व रविनंदन लोध निवासी गुवारा तैयबपुर, थाना करारी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि एक अन्य साथी के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की गई डीबीएल बंदूक के साथ गहने भी बरामद कर लिए। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ करारी कोतवाली में पहले भी चोरी के दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।