यमुना में एक ही परिवार के दो बालक डूबे, एक की मौत
दूसरे की तलाश जारी, पीड़ित परिजनों में मचा कोहराम
सरायअकिल के महरनिया घाट में बुधवार शाम हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सरायअकिल के महरनिया घाट पर बुधवार शाम स्नान करने गए एक परिवार के दो लड़के डूब गए। इनमें एक का शव देर शाम बरामद कर लिया गया। जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
तिल्हापुर गांव निवासी विक्रम सिंह व उनके परिवार अरुण सिंह खेती कर बच्चों की परवरिश करते हैं। बताया जाता है कि विक्रम का करीब 12 वर्षीय बेटा अर्पित और अरुण 10 वर्षीय पुत्र रवि बुधवार शाम चार बजे घर में बिना किसी को कुछ बताए गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित यमुना नदी में नहाने गए थे। दोनोें ने कपड़े उतारने के बाद नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण एक-एक कर दोनों यमुना में डूबने लगे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दिया। इसी दौरन किसी ने जानकारी दी कि महरनिया घाट स्थित बड़े बिजली के खंभे के समीप दो बच्चों के कपड़े नदी किनारे पड़े है। जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते नदी किनारे पहुंच गए। कपड़े देखते ही परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। सूचना पाकर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सरायअकिल प्रदीप कुमार सिंह ने स्थानीय मल्लाहों की मदद से रात तकरीबन नौ बजे रवि का शव बरामद कर लिया। जबकि अर्पित की तलाश अभी भी जारी है।