बम्हरौली गांव में कुंए में गिरे मवेशी को निकालते फायर कर्मचारी। संवाद
सिराथू तहसील के बम्हरौली गांव में रविवार रात दो सांड़ आपस में भिड़ गए। लड़ते-लड़ते दोनों कुएं में गिर गए। इससे दोनों की मौत हो गई। सोमवार सुबह सूचना के बाद पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों सांड़ के शव बाहर निकाले।
बम्हरौली गांव में रविवार रात अचानक दो सांड़ आपस में भिड़ गए। भिड़ंत में सांड़ों का रौद्र रूप देख कोई भी ग्रामीण इन्हें छुटाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। नतीजतन लड़ते-लड़ते दोनों सांड़ मुंडेर विहीन कुएं में एक-एक कर गिर गए। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर स्टेशन के साथ ही शहजादपुर चौकी पुलिस को दी।
सिराथू व मंझनपुर फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने तकरीबन चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव कुंए से बाहर निकाले। सूचना के बाद पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी बीके राजपूत ने पशुधन प्रसार अधिकारी अनिल साहू के साथ मिलकर सांड़ के शवों का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद ग्राम प्रधान नियामत उल्ला व सचिव नीरज कुमार ने जेसीबी की मदद से गांव में सरकारी भूमि पर गड्ढा खोदवाकर दोनों के शव दफनाए गए।