शक्तिपीठ कड़ाधाम में सोमवार सुबह करंट की चपेट में आकर दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। चीखपुकार सुन किसी तरह परिजनों ने तार काटकर उन्हें करंट के संपर्क से दूर किया। इसके बाद दोनों को निजी अस्पताल ले गए। जहां छोटे भाई को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शक्तिपीठ कड़ाधाम निवासी अंजनी पंडा उर्फ बमभोला पंडा के दो बेटों में उदित उर्फ छोटू पंडा (24) सबसे छोटा था। वह पिता के साथ पुरोहित का काम करता था। परिजनों के अनुसार, बड़ा भाई अमित पंडा (26) सोमवार की सुबह स्नान के बाद घर के बाहर गीला कपड़ा सुखाने के लिए डालने जा रहा था। तभी वह करंट की चपेट में आकर झुलसने लगा।
इस दौरान छोटे भाई उदित ने जब देखा तो बड़े भाई को करंट से दूर कर दिया। इस बीच वह खुद करंट की चपेट में आ गया। चीखपुकार के बाद परिजन व आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद की, लेकिन तब तक उदित गंभीर रूप से झुलस गया था।
परिजन दोनों भाइयों को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां छोटे भाई की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहीं बड़े भाई अमित का सिराथू के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक अमित की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। घटना के बाद शीतला धाम और कड़ा क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
उदित पंडा उर्फ छोटू (फाइल फोटो)