कोतवाली क्षेत्र के दीवर कोतारी के समीप भैंस लादकर अजुहा मंडी जा रहे लोडर चालक को पीट कर 20 हजार रुपये रंगदारी मांगने वाले गोरक्षक दल के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लिखापढ़ी कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
करारी कोतवाली के नौबस्ता निवासी रोहित पाल ने बताया कि वह पिकअप लोडर चालक है। वह बुधवार को गाड़ी में भैंस लादकर अजुहा मंडी बेचने जा रहा था। इसी दाैरान दीवर कोतारी के समीप चार पहिया वाहन सवार आधा दर्जन युवक हूटर बजाते हुए आगे आए और रोक लिया। खुद को गोरक्षक दल का कार्यकर्ता बताते हुए पशु तस्करी में फंसाने और पुलिस से शिकायत करने की बात कहते हुए 20 हजार रुपये की मांग की।
रोहित के इन्कार करने पर युवकों ने उसकी पिटाई की और फरार गए। मामले की शिकायत पर मंझनपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मंझनपुर इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर ओसा मंडी स्थित टेंवा रोड से चार पहिया वाहन सवार संगम पांडेय निवासी रूपनारायणपुर सैनी व शनि मौर्य निवासी गुलामीपुर गनपा सैनी को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लोडर चालक से 20 हजार रुपये की मांग की थी। घटना को अंजाम देते समय उनके साथ सर्वेश लोधी व प्रदीप सरोज के अलावा एक अन्य साथी भी था। पुलिस अन्य की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए युवक किस हिंदू संगठन से जुड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है।