कोतवाली के सेलरहा पूरब गांव में सिंचाई का पाइप फटने को लेकर मंगलवार दोपहर सगे भाइयों को पीटने व फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को उनके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से दोनों को उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
सेलरहा पूरब निवासी घनश्याम मौर्य के बेटे सुमित व शिवम मंगलवार दोपहर गांव के बाहर सड़क पर पाइप बिछाकर खेत की सिंचाई कर रहे थे। तभी मलाका गांव स्थित मातृभूमि इंटर कॉलेज की स्कूली गाड़ी उधर से गुजरी। जिस वजह से पाइप फट गई। इसे लेकर ड्राइवर से सुमित व शिवम की कहासुनी होने लगी। चालक के फोन लगाने पर प्रबंधक विनीत त्रिपाठी समेत अन्य को बुला लिया। उसके बाद सभी ने दोनों भाइयों को मारापीटा। जख्मी दोनों भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बड़े भाई मितेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक संजय तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी विमलेश निवासी रामरतन का पूरा रामपुर धमावां व अजय निवासी शमसाबाद को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।