सिराथू। देश की तरह प्रदेश में भी अब कमल खिलने की बारी है। यह बातें शनिवार को सिराथू में आयोजित सदस्यता अभियान में आई भाजपा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महामंत्री रंजना उपाध्याय ने कही। उन्होंने जन-जन से भाजपा का सदस्य बनने का आह्वान किया। वहीं भाजपा नेता जीतेंद्र सोनकर की अगुवाई में आयोजित छह शिविरों में शनिवार को 1836 लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा नेता की ओर से शनिवार को सिराथू विधानसभा क्षेत्र के सैनी, करनपुर, अटसराय, चाकवन, सिराथू में सदस्यता कैंप लगाया गया था। शिविर के माध्यम से महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रंजना उपाध्याय, अनीता सचान, अनीता सिंह, अनीता त्रिपाठी आदि नेत्रियां भी मौजूद रहीं। इस मौके पर रंजना उपाध्याय ने कहा कि केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार आमजन की तरक्की से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता दिखा रही है। दावा किया कि मोदी की अगुवाई में देश ने तरक्की का वह रास्ता मापना शुरू कर दिया है, जो पिछले 50 साल में नहीं मापा जा सका था। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था आदि मुद्दे पर प्रदेश की सपा सरकार को भी घेरा। कहाकि प्रदेश सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। अब यहां भी कमल खिलने की बारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओें से आह्वान किया कि वे आम लोगों के भाजपा से जोड़ने में लगे रहे। वहीं भाजपा नेता जीतेंद्र सोनकर ने कहा कि विधानसभा सिराथू में सबसे अधिक सदस्य बनाए जाएंगे। बताया कि शनिवार को लगे शिविरों में ही 1836 नए लोगोें को पार्टी से जोड़ा गया है। इस मौके पर ज्ञानचंद्र, संजय कुमार, मुकेश, रोहित शर्मा, आरती गुप्ता, राकेश सरोज, अतर लाल आदि मौजूद रहे।