करारी। कस्बे के हजरतगंज मोहल्ले में तीन साल पहले 12 लाख की लागत से नलकूप लगवाया गया था। इसके बाद भी हजरतगंज, नयागंज और आजादनगर मोहल्ले में पाइप लाइन नहीं बिछाई गई। इससे करीब 300 घरों में पानी का संकट गहरा गया है। नगर प्रशासन और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी समस्या जस के तस है।
करारी कस्बे के हजरतगंज, नयागंज व आजादनगर मोहल्ले में पानी की समस्या को देखते हुए 2022-23 में 12 लाख रुपये की लागत से निवर्तमान चेयरमैन उर्मिला देवी ने हजरतगंज वार्ड में नलकूप लगवाया था। नलकूप लगने से घरों में टोंटी से पानी मिलने की उम्मीद थी। लेकिन, तीन साल बीतने के बाद भी जिम्मेदारों ने पाइप लाइन नहीं बिछवाई।
नगर के नजर हसन, मोहम्मद शारिब, हैदर अब्बास और मो. हाशिम ने बताया कि नलकूप लगने के बाद पाइप लाइन नहीं बिछवाने के कारण तीन वार्ड के लगभग 300 घरों में पानी की समस्या है। कुछ लोग मजबूरन अपने घर के अंदर नलकूप या फिर हैंडपंप लगवा रहे हैं।
पाइप लाइन बिछवाने के लिए नगर प्रशासन से लेकर सीएम पोर्टल तक शिकायत दर्ज कराई। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले वालों को भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।-सरदार हुसैन रिजवी
नलकूप तीन साल से शोपीस बना है। भीषण गर्मी में समस्या अधिक गहरा गई है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों की लापरवाही से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।-शकील अब्बास
पाइप लाइन बिछाने के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। बजट अवमुक्त होते ही टेंडर कर पाइप लाइन बिछवा दी जाएगी।-अजय निषाद, ईओ