दहेज के लिए विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश
फतेहपुर में ब्याही थी दोआबा की बेटी, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। फतेहपुर में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने जिंदा जलाने का प्रयास किया। इससे पहले उसकी पिटाई भी की गई। पीड़िता ने बुधवार को एसपी से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की है।
करारी कस्बा निवासी राहिला बेगम ने बताया कि करीब दो साल पहले उसने अपनी बेटी नूरी का विवाह फतेहपुर शहर में किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर सुसराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में बदलाव नहीं आया। पीड़िता की मानें तो हफ्ते भर पहले ससुरालीजनों ने उसकी बेटी की पिटाई की। इसके बाद केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि शो पर पर पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर जान बचा ली। फतेहपुर से मायके वाले लड़की को यहां ले आए हैं। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।