चोरी के पांच ट्रकों के साथ छह गिरफ्तार, सात फरार
सैनी कोतवाली पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का किया खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू। सैनी कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात एक अंतर्जंनपदीय वाहन चोर गैंग का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की पांच ट्रकें बरामद करने का दावा किया। जबकि गिरोह में शामिल सात अन्य चोर फरार होने में कामयाब हो गए। मामला दर्ज कर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस कामयाबी के लिए एसपी प्रदीप गुप्ता ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।
बृहस्पतिवार को सैनी कोतवाली में एसपी ने बताया कि अंतर्जनदपदीय ट्रक चोरों का गैंग कौशाम्बी में भी सक्रिय था। गैंग के खुलासे के लिए सैनी पुलिस के साथ एसओजी टीम को भी लगाया गया था। बुधवार रात सैनी के निरीक्षक संत शरण सिंह को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि गैंग के 13 सदस्य किसी वारतदात को अंजाम देने के लिए बाबू सिंह डिग्री कालेज सयांरा के सामने मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने एसओजी प्रभारी के साथ गैंग को चारों तरफ से घेर लिया। वाकया रात तकरीबन 10 बजे का है। पुलिस टीम ने मौके से गैंग के सक्रिय सदस्य सचिन सिंह निवासी उत्तर कोटवा थाना सराय इनायत प्रयागराज, रंजीत सिंह निवासी घूरपुर प्रयागराज, अमर सिंह निवासी चौपाई थाना कंधई प्रतापगढ़, काफिल खां निवासी हरवारा थाना जेठवारा प्रतापगढ़, प्रेम नारायण मिश्र निवासी नारायणपुर थाना धरवई प्रतापगढ़,निदेश निवासी सिद्धपुर, थाना कर्वी चित्रकूट को धर दबोचा। जबकि पुलिस को चकमा देकर गैंग के सात सदस्य फरार हो गए। एसपी ने बताया के पकड़े गए चोरों की निशादेही पर छिपाकर रखे गए चोरी और लूट के पांच ट्रक अंदावा बाईपास स्थित शारदा बाड़ी मेकर की दुकान से बरामद किए गए हैं। इमस अड्डे पर चोर ट्रकों के चेचिस नंबर और रजिस्ट्रेशन में हेरफर कर बेंचने का गोरखधंधा करते थे। बरामद ट्रक में दो 14 चक्का और तीन 10 चक्का शामिल हैं। एसपी ने टीम में शामिल रहे निरीक्षक संत शरण सिंह, एसआई हनुमान प्रताप सिंह, एसओपजी प्रभारी विनय यादव के साथ हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, राज पाल, गुलाब यादव को शाबासी दी है।
कौशाम्बी से चोरी गए दो ट्रक हुए रिकवर
सिराथू। एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि इस गैंग ने सैनी और हिनौता से भी एक-एक ट्रक चोरी किए थे। चोरी गए दोनों ट्रक पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस अपनी कार्रवाई की जद में अंदावा के उस दुकानदार को भी लेने का दावा किया है जिसके यहां से ट्रकें बरामद हुई हैं।
गैंग पर होगी गैंगेस्टर की कार्रवाई
सिराथू। एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि फरार गैंग के अन्य सात सदस्यों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। यह भी कहा कि इस गैंग के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल का ताला तोड़ चोर उठा ले गए किचन का सामान
सिराथू। बुधवार की रात सैनी क्षेत्र के कमासिन प्राथमिक स्कूल का ताला तोड़ चोरों ने किचेन का सारा सामान पार कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह स्कूल पहुंचे हेडमास्टर रमेश चंद्र सोनकर को घटना की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दी।