क्षेत्र के कशिया पश्चिम स्थित नेशनल हाईवे के पास सोमवार देर रात करीब 11 बजे ट्रक व ट्रेलर के बीच भिड़ंत हो गई। हाईवे पर खराब ट्रेलर में पीछे से गेहूं लदे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में ट्रक और ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाईवे पर एक ट्रेलर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे से कशिया पश्चिम के पास खराब हो गया। वह सड़क किनारे खड़े हो गया। राजस्थान के भेली ताड़ई थाना पुगड़ निवासी भवन सिंह (45) पुत्र मोहन सिंह और खलासी उमेश सिंह (50) पुत्र हरीश चंद्र ट्रेलर को ठीक करने में जुटे थे।
देर रात लगभग 11 बजे एक तेज रफ्तार गेहूं लदा ट्रक पीछे से आकर ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर चालक भवन सिंह (45) और ट्रक चालक फतेहपुर चकमुगल निवासी अजय कुमार (45) की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव केबिन में फंसा रह गया।
वहीं, कोखराज पुलिस ने घायल ट्रेलर चालक और खलासी को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा है। हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन शुरू कराया।