कस्बे में नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर मंगलवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतार लगने से स्कूली छात्र-छात्राएं, व्यापारी और राहगीर फंस गए। यात्री जाम से निजात पाने की कोशिश करते रहे लेकिन गर्मी और उमस के बीच उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सुबह जाम लगने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर हुई। वहीं, व्यापारी और दफ्तर जाने वाले कर्मचारी भी लंबे समय तक फंसे रहे। इससे स्थानीय लोगों की दिनचर्या पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर आए दिन जाम लगना आम हो गया है। सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण होने से जाम लग रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे यातायात का दबाव और बढ़ जाता है।
व्यापारी अनिल कुमार केसरवानी ने बताया कि जाम के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं, बुजुर्ग और बच्चे सड़क पार करते समय सबसे अधिक परेशान हो रहे हैं। कस्बावासियों ने जाम की स्थायी समस्या के समाधान के लिए बाईपास निर्माण की मांग की है।
इसी तरह गल्ला व्यापारी शिवकोटी अग्रहरि ने बताया कि यदि हाईवे यातायात को सीधे बाईपास से जोड़ा जाए तो ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था सुधारने की अपील की है।
कस्बे में जाम की समस्या नहीं बनने पाए इसके लिए पुलिस को सतर्कता का निर्देश दिया जाएगा। पटरी से दुकानों को हटाने का कार्य किया जाएगा।- राजेश कुमार, एसपी